कुढ़फतेहगढ़ में आयोजित दंगल में दांव पेच दिखाते पहलवान: स्रोत- आयोजक
कुढ़फतेहगढ़(संभल)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ग्राम पंचायत कुढ़फतेहगढ़ में आयोजित मेले में दंगल का आयोजन किया जा रहा है। दंगल के दूसरे दिन दूरदराज से आए पहलवानों ने कुश्ती के दांव पेच दिखाए। कुश्ती का पहला मुकाबला चंदौसी के दिलशाद और मेरठ के प्रवीण पहलवान के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने जीत के लिए एक दूसरे के साथ जोर आजमाइश की लेकिन मुकाबला बराबरी का रहा। इसके बाद कैथल के फैजल और अमरोहा के पहलवान विकास के बीच मुकाबला हुआ। इसमें फैजल ने विकास को जोरदार पटकनी देकर चित कर दिया। इसके बाद हुए मुकाबले में अयोध्या के रविंद्र पहलवान ने भोजपुरी के फरमान को करारी शिकस्त दी।
इसके बाद हुए कछला के पहलवान साजिद मलिक और गोविंद पुर के कुलदीप पहलवान के बीच मुकाबला हुआ। इसमें साजिद मलिक ने कुलदीप को धूल चटा दी। विजेता पहलवानों को व्यवस्थापक हरवीर सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान दर्शकों की भीड़ ने भी दंगल का जमकर लुत्फ उठाया। वहीं, मेले में लगी खान पान की दुकानों पर बच्चों ने लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। साथ ही महिलाओं ने घरेलू सामानों की जमकर खरीदारी की।