चंदौसी में फव्वारा चौक पर जलनिगम के खिलाफ धरने पर बैठे नागरिक।
- फोटो : CHANDAUSI
जलनिगम द्वारा पेयजल पाइप लाइन डालने के दौरान सड़कों की मरम्मत न होने से नागरिकों का आवागमन प्रभावित बना हुआ है। सोमवार को जलनिगम द्वारा अपने कार्य में शिथिलता को लेकर विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने फव्वारा चौक पर प्रदर्शन किया।
जागरूक नागरिक शुभम अग्रवाल के आह्वान पर फव्वारा चौक पर अनेक लोग एकत्र हुए। सोमवार सुबह 11 बजे प्रदर्शन जारी कर दिया गया। दोपहर 12 बजे मौके पर पहुंच नायब तहसीलदार निश्चय कुमार व जलनिगम के सहायक अभियंता महेंद्र कुमार को एक घंटा धरनास्थल पर बैठाया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों को नागरिकों ने शहर की दयनीय स्थिति, सड़कों की दुर्दशा व खस्ताहाल से अवगत कराया। जलनिगम के एक्सईएन से मोबाइल पर वार्ता की गई। उन्होंने कहा कि 15 दिन में समस्त कार्य निपटा दिया जाएगा। इसके बाद नायब तहसीलदार निश्चय कुमार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें कहा है कि जलनिगम द्वारा पिछले चार वर्षों से शहर में पेयजल पाइप डालने का कार्य किया जा रहा है। जगह-जगह सड़क की खुदाई होने से सभी गली-मोहल्लों की सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। उन्होंने शीघ्र सड़कों के मरम्मत की मांग की है।
इस अवसर पर शुभम अग्रवाल, संजय मदान, सतीश अरोड़ा, सुधीर मल्होत्रा, डा. टीएस पाल, तरुण नीज, संजय सैनी, अशोक शर्मा, पंकजश्री, शाह आलम मंसूरी, विकास सनातनी आदि रहे।