चंदौसी तहसील परिसर में ग्राम प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन करते गांव मौलागढ़ के लोग-
- फोटो : संवाद
चंदौसी।
गांव मौलागढ़ के लोगों ने शनिवार को तहसील गेट पर ग्राम प्रधान और हल्का लेखपाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही रिश्वत न देने पर जुर्माने और बेदखली की कार्रवाई कराने का आरोप लगाया। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया को शिकायती पत्र देकर जांच की मांग की। चंदौसी तहसील में आयोजित समाधान दिवस में शनिवार की सुबह मौलागढ़ गांव के लोग अपनी शिकायत लेकर डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया से मिले। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के तालाब के पास उनकी जमीन है। यहां वह 40-50 वर्ष से मकान बनाकर रह रहे हैं, लेकिन गांव के प्रधान और हल्का लेखपाल ने जमीन के एवज में उनसे पैसे मांगें, लेकिन जब पैसे नहीं मिले तो उनके खिलाफ न्यायालय से झूठा मुकदमा दर्ज कराकर जुर्माने और बेदखली की कार्रवाई करा दी। जबकि तालाब पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। डीएम ने शिकायत का संज्ञान लेकर जांच के आदेश दिए हैं। इससे पहले ग्रामीणों ने तहसील परिसर में प्रधान और हल्का लेखपाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान विजय सिंह, अमरपाल, हुकुम सिंह, श्याम सिंह, करतार सिंह, राजीव कुमार, नीरज कुमार आदि मौजूद रहे।