गुन्नौर। रजपुरा ब्लाॅक के गांव पहलवाड़ा में रास्ते पर जलभराव को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू गुट ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप समस्या के समाधान की मांग की है। रजपुरा ब्लाॅक क्षेत्र के गांव पहलवाड़ा में रास्ते पर जलभराव की समस्या कई दिनों से बनी हुई है। जिससे आवागमन में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। गांव के मुख्य चौराहे पर बना नाला चौक है। इससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे नाला ओवरफ्लो हो रहा है। छुट्टा पशुओं से भी ग्रामीण परेशान हैं। जिससे किसानों को रात में अपने खेत पर जाकर छुट्टा पशुओं से अपनी फसल की देखभाल करनी पड़ रही है। उक्त समस्या के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू के पदाधिकारियों ने एसडीएम संदीप वर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान भाकियू भानू के युवा जिलाध्यक्ष हर्षित कुमार, ऋषि पाल सिंह, कृपाल सिंह, कल्याण सिंह, सोनपाल सिंह आदि मौजूद रहे।