संभल। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, संभल चैप्टर के पदाधिकारियों ने औद्योगिक आस्थानों के प्लाट लीज होल्ड होल्ड से फ्री होल्ड करने के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम डॉ.राजेंद्र पेंसिया को सौंपा है। ज्ञापन केंद्रीय कार्यालय लखनऊ के अनुसार दिया गया है। सरकार से अन्य प्रांतों की तरह लीज होल्ड औद्योगिक भूमि को फ्री होल्ड करने की मांग की गई है। इससे प्रदेश में उद्योगों का विकास होगा और सरकार को अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति होगी।
ज्ञापन में बताया कि ईज ऑफ डूइंग मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए भी यह जरुरी है। ज्ञापन में बताया कि यूपी में एक हेक्टेयर या उससे बड़े औद्योगिक भूखंडों को फ्री होल्ड करने की नीति लागू है, जिसका प्रदेश के एमएसएमई को लाभ नहीं मिलता। वहीं, औद्योगिक भूमि के लीज होल्ड होने से उद्यमियों को अपने उद्योग में छोटे से छोटे कार्य के लिए यूपीसीडा का अथवा उद्योग निदेशालय से अनुमति लेने के लिए चक्कर लगाने पड़ते हैं।
समस्याओं के समाधान के लिए लंबे समय से प्रदेश सरकार से मांग की जा रही है। कहा जा रहा है कि प्रदेश में लीज होल्ड औद्योगिक भूमि को फ्री होल्ड इस शर्त के साथ कर दिया जाए कि इसका भू-उपयोग केवल औद्योगिक ही रहे, व अन्य किसी प्रयोजन के लिए उपयोग न हो। इस दौरान चैप्टर चेयरमैन कमल कौशल वार्ष्णेय, सचिव सुबोध गुप्ता, अरविंद अरोरा, नितिन अग्रवाल, आशीष गुप्ता आदि रहे।