बहजोई(संभल)। एसआईआर के कार्य की अवधि दो माह बढ़ाए जाने को लेकर सपाइयों ने सीडीओ को ज्ञापन दिया।
शनिवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य फिरोज खां के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को संबोधित ज्ञापन सीडीओ को देते हुए पदाधिकारियों का कहना था कि देश के कई प्रदेशों में एसआईआर का कार्य चल रहा है।
लोगों में जागरूकता की कमी है तथा एसआईआर की पूरी प्रक्रिया समझ में नहीं आ रही है। साथ ही, जल्दबाजी के कारण बीएलओ व अन्य कर्मी भी पूरी प्रक्रिया करने में असमर्थ नजर आ रहे हैं। वहीं, पार्टी की आरे से एसआईआर को लेकर जमकर प्रसार-प्रचार किया जा रहा है।
पदाधिकारियों का कहना था कि मतदाताओं की ओर से जानकारी मिल रही है कि बूथ पर जाने पर बीएलओ की ओर से बता दिया जाता है कि साॅफ्टवेयर (सर्वर) डाउन चल रहा है। इससे अधिक संख्या में फार्म अपलोड नहीं हो पा रहे हैं।
वहीं, उत्तर प्रदेश में शादियों का सीजन चल रहा है। इससे करीब 50 प्रतिशत आबादी की ओर से एसआईआर के फॉर्म नहीं भरे गए हैं। इसको लेकर जन हित व लोकतंत्र की प्रतिष्ठा से जुड़ी एसआईआर की प्रक्रिया की समय अवधि दो माह बढ़ाने का आदेश पारित करने की मांग की जाती है। रामरहीस यादव समेत गुलाम मुस्तफा, गौरव यादव, सूरज सिंह, जबर सिंह व आरिफ खां, फैजान शादी व नफीस आदि के नाम हैं। संवाद