बहजोई। सपा के संभल विधायक इकबाल महमूद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई है। डिप्टी कलेक्टर को हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन गुप्ता ने ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सपा के विधायक ने शिवभक्त कांवड़ियों को गुंडा मवाली कहकर अपमानित किया है। इससे हिंदू धर्म का भी अपमान हुआ है। सिमरन गुप्ता ने पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ भी आपत्तिजनक बयानबाजी करने को लेकर कार्रवाई की मांग उठाई है। कहा है कि कांवड़ियों का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। पुलिस-प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। विधायक के बयान के बाद से हिंदू समुदाय में रोष है।
मालूम हो सपा विधायक ने रविवार को एक टीवी चैनल को दिए बयान में कहा था कि कांवड़ियों के जत्थे में शिवभक्त कम और गुंडे मवाली ज्यादा हैं जो तोड़फोड़ कर रहे हैं। इन गुंडों की जगह जेल में होनी चाहिए। विधायक ने सरकार से सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई थी।