बहजोई। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो मासूम बच्चों ध्रुव व सर्वाध्या के चंदौसी के हनुमान गढ़ी निवासी पिता दीपक उर्फ तरुण पर दुखों का पहाड़ टूट गया।
हादसे में घायल हुए जिला बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा के गांव परमानंदपुर निवासी पुनीत के मुताबिक, उसकी पत्नी रोहिणी शुक्रवार को बहनोई दीपक के पिता की मौत की गमी में शामिल होने के लिए गांव से मऊ कठैर आई हुई थी। वह शनिवार को आया था। रविवार को वह अपनी पत्नी, बहन भावना व भांजे-भांजी के साथ बहजोई से ऑटो में सवार होकर चंदौसी के लिए जा रहे थे कि रास्ते में गांव बमनेटा के निकट हादसा हो गया। हादसे में उसकी पत्नी रोहिणी समेत भांजे ध्रुव व भांजी सर्वाध्या की मौत हो गई। उसकी बहन भावना घायल हो गई।
पुनीत ने बताया कि हादसे से उसके बहनोई दीपक उर्फ तरुण पर दुखों का पहाड़ टूट गया। जहां एक ओर बहनोई अभी पिता की मौत के गम से उबर भी नहीं पाए थे कि रविवार को हादसे ने बच्चों को भी छीन लिया। इस घटना से ने दीपक को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया।