संभल में चंदौसी चौराहे से मलबे को ट्रैक्टर ट्राली में भरती जेसीबी। संवाद
संभल। चंदौसी चौराहे का चौड़ीकरण के लिए शुक्रवार को दोपहर से जेसीबी द्वारा नाले के आसपास से मलबा हटाने का काम किया गया। नाले का पानी भी निकाला जाएगा। इसके बाद नाले के ऊपर पुलिया बॉक्स बनाकर कवर करने का काम होगा।
शासन ने चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 62 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। जिसके बाद पीडब्ल्यूडी ने चौराहे के चौड़ीकरण के लिए कार्य शुरू कराया है। फिलहाल चौराहे से रोडवेज बस अड्डे की तरफ जाने वाले नाले के ऊपर पुलिया बॉक्स बनाकर किया जाना है, यह कार्य 65 मीटर तक होना है। इसके लिए दो दिन नाले के ऊपर सफाई कराई गई जबकि शुक्रवार को दोपहर में जेसीबी के साथ लेबर के लोग पहुंचे। जेसीबी से नाले के आसपास से मलबा हटाने का काम किया गया।
एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सुनील प्रकाश ने कहा कि पहले नाले वाली साइड पर काम किया जाएगा। मलबा हटाने के बाद नाले का पानी भी निकाला जाएगा। इसके बाद निर्माण कराएंगे। बताते चलें कि चौराहे का चौड़ीकरण होने पर जाम से निजात मिलेगी और आवागमन सुचारु होगा। लोगों को राहत मिलेगी। चौराहे से ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन शिफ्टिंग के लिए बिजली निगम को जुलाई में 10.80 लाख रुपये और 22 नवंबर को 4.56 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।