संभल। पवांसा क्षेत्र के गांव अख्त्यारपुर चौबे में हाइड्रोफोबिया से युवक की मौत हो गई है। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। परिजनों ने देर शाम युवक का शव सुपुर्द ए खाक कर दिया है। बुधवार को गांव अख्त्यारपुर निवासी अख्तर अली (23) पुत्र रियासत अली की मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि मौत हाइड्रोफोबिया से हुई है। युवक के भाई आरिफ ने बताया कि उनके भाई को आठ वर्ष के भीतर दो बार कुत्ते ने काटा है। जिसमें पहली बार काटने पर एंटी रैबिज इंजेक्शन लगवा लिया था। लेकिन तीन वर्ष पहले फिर से कुत्ते ने काट लिया था। जिसके लिए एंटी रैबिज इंजेक्शन नहीं लगवाया।
अब सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। भाई ने बताया कि उनका भाई पानी देखकर डरने लगा और असामान्य हरकतें करने लगा। उपचार के लिए निजी चिकित्सकों के पास ले गए।
उन्होंने हालत को देखते हुए बरेली के लिए रेफर कर दिया। वहां भी चिकित्सकों ने भर्ती नहीं किया और दिल्ली के एम्स भर्ती कराने की सलाह दी। परिजन दिल्ली लेकर पहुंचे तो युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि उनका बेटा सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। 2019 में उत्तर प्रदेश पुलिस की भी परीक्षा दे चुका था। जिसमें वह सफल हुआ था। युवक की मौत से परिजन सदमे में हैं।