असमोली (संभल)। असमोली के एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवक की मंगलवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चर्चा है कि युवक के चाचा ने मारपीट की थी। जिसमें जान चली गई। हालांकि मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा। किसी कार्रवाई के बिना ही सुपुर्द ए खाक कर दिया। युवक का निकाह तीन महीने पहले ही अमरोहा जिले की युवती से हुआ था।
गांव में चर्चा है कि युवक काम नहीं करता था। इसको लेकर ही युवक का अपने परिजनों से विवाद होता था। मंगलवार की रात को चाचा युवक के घर पहुंचा था। इसी दौरान विवाद हो गया है मारपीट होने लगी। इसी दौरान युवक की जान चली गई। युवक की पत्नी ने अपने मायके वालों को सूचना दी। युवक के ससुरालियों ने हंगामा किया। रात में ही कुछ जिम्मेदार लोगों ने पंचायत की। इसमें तय हुआ कि दहेज में मिला समान, तीन लाख रुपये और जेवर युवती को दिए जायेंगे। इस सहमति के बाद ससुरालियों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। वहीं दूसरी ओर परिजनों ने बुधवार को युवक के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। असमोली थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें इस मामले की सूचना नहीं है। घटना क्या हुई है इसकी जानकारी कराई जाएगी।