चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सेमरटोला निवासी कैलाश (38) की शुक्रवार सुबह छह बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव खुर्जा गेट स्थित आंबेडकर पार्क के पास एक दुकान की सीढ़ियों पर पड़ा मिला।
युवक की शर्ट पर खून के धब्बे थे। परिजनों के अनुसार कैलाश एक होटल पर काम करता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
बड़े भाई पप्पू ने बताया कि उनका भाई खुर्जा गेट पर ही एक होटल पर काम करता था और शराब का आदी था। वह कई वर्षों से घर पर नहीं रह रहा था। परिजनों के अनुसार कैलाश पार्क के पास पड़ा था। उसके मुंह और नाक से खून निकल रहा था। आरोप है कि होटल स्वामी उसे अस्पताल ले जाने के बजाय दुकान की सीढ़ियों पर लेट गया और परिजनों को भी इसकी सूचना नहीं दी गई।
परिजनों ने जांच की मांग की। कोतवाल संत कुमार ने बताया कि अभी मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।