चंदौसी। स्टेशन पर घूमते हुए पीआरवी को मूक बधिर चार वर्षीय बालक मिला। पुलिस ने परिजनों की तलाश कर बालक उनके सुपुर्द कर दिया। मंडी समिति चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार भाटी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर के समय एक बालक रेलवे स्टेशन के पास बालक रोते हुए पीआरवी टीम को मिला। टीम उसे थाने ले आई।
बालक बोल व सुन नहीं पा रहा था। वह रो रहा था। थाना प्रभारी निरीक्षक उनके एक टीम गठित की। बालक की फोटो लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। अन्य स्टाफ के पास भी फोटो भेजे गए। काफी प्रयास के बाद जानकारी हुई।
बालक मोहल्ला वारिसनगर का रहने वाला है। वहां परिजनों से जानकारी की। बताया कि बालक का नाम भूरा है और उसके पिता का नाम वजीरुल है। वह बोलने व सुनने में असमर्थ है। बालक खेलते हुए घर से बाहर चला गया था।
स्टेशन तक कैसे पहुंचा, इसका पता नहीं। सूचना पर बालक की माता नाजरा, ताई सईदन, फूफा शमशेर निवासी वारिसनगर सभी थाने पहुंचे। पुलिस ने बालक उनके सुपुर्द कर दिया।