संभल। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम पर फायर कर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस कर्मी किसी तरह बचे और दो हिस्ट्रीशीटर बदमाश समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने की कार्रवाई की है। पकड़े गए आरोपी गो-तस्करी के मामले में कई बार जेल जा चुके हैं। एक आरोपी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भी हो चुकी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि संभल कोतवाली पुलिस रविवार को अवैध शस्त्र बरामदगी के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान गांव भवानीपुर में बंद पड़े भट्ठे के पास तीन लोग दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने किसी तरह बचकर आरोपियों को पकड़ लिया। बताया कि पकड़े गए आरोपियों में मियां सराय निवासी शमशाद, जावेद और जीशान हैं।
इसमें शमशाद और जावेद हिस्ट्रीशीटर बदमाश हैं। सक्रिय गो-तस्कर हैं। कई थानों में आरोपियों के खिलाफ गोवंशीय पशु काटने के मामले दर्ज हैं। आरोपी शमशाद के खिलाफ कोतवाली पुलिस कुर्की की कार्रवाई भी कर चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और कार बरामद किए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया है।