जुनावई (संभल)। गांव कादराबाद निवासी पप्पू यादव (35) का शव सोमवार को खेत में खड़े पेड़ पर फंदे से लटका मिला है। उसकी जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें अपनी मौत का जिम्मेदार स्वयं को बताया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
जुनावई के गांव कादराबाद निवासी पप्पू स्टेशनरी की दुकान चलाता था। परिजनों के अनुसार पप्पू तीन चार दिन से मानसिक रूप से परेशान था। किसी से बातचीत भी नहीं कर रहा था। तीन दिन पहले उसने अपना मोबाइल भी जला दिया। पिता करन सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह दुकान पर गया था। दोपहर में उसकी मौत की सूचना मिली तो परिजन मौके पर पहुंच गए। उसका शव खेत मेें पापड़ी के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका था। ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। सूचना पर पुलिस व फोरेंसिक टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार स्वयं को बताया है। जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि कोई फोन पर पप्पू को ब्लैकमेल कर रहा था।
वर्जन
युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। उसकी जेब से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मौत का जिम्मेदार स्वयं को ठहराया है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -गणेश कुमार गुप्ता, सीओ गुन्नौर