धनारी (संभल)। कस्बे के बस स्टैंड के पास निवासी आकिब (22) की सोमवार को बोर्ड में कूलर का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजनों ने बिना कार्रवाई शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
धनारी के बस स्टैंड के पास निवासी जहीर का बेटा आकिब सैलून चलाता था। जहीर ने बताया कि आकिब सोमवार सुबह घर में अकेला था, परिवार के लोग पड़ोस में गए थे। कूलर का प्लग लगाते समय आकिब करंट की चपेट में आ गया। कुछ देर बाद परिजन आए तो वह अचेत अवस्था में पड़ा था। परिजन उसे बहजोई अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। आकिब तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से परिवार का माहौल गमगीन है।