कुढ़ फतेहगढ़ (संभल)। थाना क्षेत्र में गांव छाबड़ा के तालाब में अधेड़ का शव उतराता मिला है। शव की शिनाख्त ग्रामीणों ने गांव के इंद्रपाल (55) के रूप में की है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेजा है। इंद्रपाल गांव में अकेला ही रहता था। कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव छाबड़ा में प्रथमा बैंक के सामने बने तालाब में शनिवार की दोपहर एक शव उतराता दिखाई दिया। वहां खेल रहे बच्चों ने गांव वालों को तालाब में शव होने के बारे में अवगत कराया। जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने थाना पुलिस को शव मिलने की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। जिसकी शिनाख्त इंद्रपाल सिंह के रूप में हुई।
ग्रामीणों ने बदायूं के वजीरगंज में रह रहे मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक के भतीजे रूपेश ने बताया कि उसके चाचा इंद्रपाल की शादी नहीं हुई है। वह गांव में अकेले रहते थे। रूपेश ने मौत का कारण जानने के लिए पुलिस को तहरीर दी और पीएम कराने की मांग की। पुलिस ने शव पीएम को भेजा है।