गुन्नौर (संभल)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को गंगा में नहाते समय डूबे किशोर का शव 23 घंटे बाद मंगलवार को घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर पानी में उतराता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव फतेहपुर निवासी जलदेश का बेटा ब्रजेश (16) सोमवार को अपने चचेरे भाई सुमित (16) पुत्र नेजपाल और फुफेरे भाई रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव बरौरा निवासी अंकित (15) पुत्र उमेश के साथ पशु चराने लिए गया था। तीनों पशुओं को चराते हुए गांव गंगावास के पास स्थित बांध नंबर तीन की ओर पहुंच गए और गंगा में नहाने लगे। नहाते समय तीनों पानी के तेज बहाव में बह गए। इसी दौरान इधर से नाव में सवार होकर जा रहे किसानों ने अंकित और सुमित को बचा लिया, लेकिन ब्रजेश डूब गया था। शाम साढ़े छह बजे तक एनडीआरएफ और गोताखोर किशोर को तलाशते रहे थे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका था। मंगलवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम ने किशोर की फिर से तलाश की। सुबह करीब 10 बजे एनडीआरएफ की टीम घटना स्थल से पचास मीटर दूर नरौरा बैराज की ओर पहुंची तो किशोर का शव पानी में उतराता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वर्जन
किशोर का शव सुबह दस बजे करीब घटना स्थल से पचास मीटर दूर मिला है। कार्रवाई कर शव पीएम को भेजा गया है।-संजीव कुमार बालियान, प्रभारी निरीक्षक गुन्नौर