चंदौसी(संभल)। रविवार की देर रात बदायूं रोड पर पथरा तिराहे के पास पुलिस कर्मियों को एक युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव की शिनाख्त करने की काफी कोशिश की। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। प्रथमदृष्टया जांच में युवक की मौत का कारण अज्ञात वाहन की टक्कर से बताया जा रहा है।
रविवार रात लगभग दो बजे बदायूं रोड पर पथरा तिराहे के पास गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों को एक युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे दिखाई दिया। उसने नीली जैकेट और ब्राउन रंग की पैंट पहन रखी थी। साथ ही, उसके एक हाथ पर राहुल नाम लिखा हुआ था। पुलिस कर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर युवक को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के कपड़ों की तलाशी लेने पर भी पुलिस को ऐसे कोई कागजात नहीं मिले, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।
कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवक के सिर पर गंभीर चोट है, ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी है।