सरायतरीन/संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर धतरा में तीन महीने पहले दफन किया गया युवक का शव पुलिस ने निकाला है। मुरादाबाद के पाकबड़ा थाने की पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है। जिससे युवक की मौत का कारण स्पष्ट हो सके। क्योंकि मृतक के परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया है और न्यायालय में पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई थी। न्यायालय के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। मालूम हो हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर धतरा निवासी निसार (23) पुत्र अख्तर की 12 मार्च की रात मुरादाबाद के पाकबड़ा में अचानक मौत हो गई थी। उस समय परिजन बिना किसी कार्रवाई के निसार का शव गांव ले आए और दफन कर दिया था। कुछ समय बाद युवक के परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताते हुए पाकबड़ा थाना पुलिस से कार्रवाई की मांग की लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद मृतक के पिता अख्तर ने न्यायालय में गुहार लगाई और पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया। न्यायालय के आदेश पर पाकबड़ा थाना पुलिस रसूलपुर धतरा पहुंची और संभल के डिप्टी कलेक्टर रमेश बाबू की उपस्थिति में शव को कब्र से निकाला गया। मृतक के पिता का कहना है कि उनका बेटा अपनी पत्नी के साथ पाकबड़ा में रहता था। वहां उसकी हत्या की गई थी। हत्या का शक बेटे की पत्नी पर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हकीकत सामने आ जाएगी।