चंदौसी(संभल)। चंदौसी और संभल में रोडवेज बस स्टैंड निर्माण की प्रक्रिया लगभग एक साथ शुरू की गई थी, लेकिन दोनों जगहों पर हालात अब बिल्कुल अलग नजर आ रहे हैं। संभल में जहां रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू होकर तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं चंदौसी में डेढ़ साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नया रोडवेज बस स्टैंड अब तक कागजों से बाहर नहीं आ सका है। कारण बताया जा रहा है कि अभी बजट ही जारी नहीं हो सका है।
फिलहाल चंदौसी का रोडवेज बस स्टैंड आजाद रोड पर संचालित हो रहा है, जहां मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है और न ही धूप या बारिश से बचाव के लिए कोई स्थायी व्यवस्था की गई है। सीमित जगह के कारण बस स्टैंड के बाहर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इन समस्याओं को देखते हुए करीब दो साल पहले डीएम द्वारा रोडवेज बस स्टैंड को बदायूं रोड पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसके तहत बदायूं चुंगी के पास स्थित पावर हाउस की लगभग दो एकड़ भूमि को नए बस स्टैंड के लिए चयनित किया गया। भूमि की भार वहन क्षमता जांचने के लिए मिट्टी परीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद करीब डेढ़ साल से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक निर्माण के लिए बजट जारी नहीं हो सका है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लखनऊ की कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को सौंपी गई है, लेकिन विभागीय स्तर से धनराशि न मिलने के कारण संस्था काम शुरू नहीं कर पा रही है। बजट कब जारी होगा और निर्माण कार्य कब शुरू होगा, इसको लेकर न केवल आम जनता बल्कि परिवहन विभाग के अधिकारी भी असमंजस में हैं।
एआरएम प्रेम सिंह का कहना है कि निर्माण कार्य करने वाली संस्था को अभी तक बजट प्राप्त नहीं हुआ है। हालांकि डीपीआर बनाकर भेज दी गई है। लेकिन अभी बजट सेंशन नहीं हुआ है।