सिंहपुरसानी (संभल)। रालोद युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने 70700 रुपये उड़ा दिए। चार जुलाई की शाम ठगों ने वारदात को अंजाम दिया। ठग ने फोन कॉल करके खुद को कस्टमर अधिकारी बताया था और रिवार्ड प्वाइंट मिलने का भरोसा देते व्हाट्सएप पर लिंक भेजा था। लिंक पर जाते ही फोन पर 70700 रुपये कटने का मेसेज आ गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नखासा थाना क्षेत्र के गांव बड़ा ताजुद्दीन निवासी जोगेंद्र सिंह रालोद युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हैं। इन्होंने एक बैंक से क्रेडिट कार्ड ले रखा है। जोगेंद्र सिंह ने बताया कि चार जुलाई की शाम करीब आठ बजे एक कॉल आई और कॉल करने वाले ने खुद को कस्टमर अधिकारी बताया। क्रेडिट कार्ड पर रिवार्ड प्वाइंट मिलने की बात कहते हुए व्हाट्सएप पर लिंक भेजा और उसे फॉलो कराने को कहा। लिंक पर जाने पर जोगेंद्र ने मांगी गई जरूरी जानकारी को ऑनलाइन भर दिया। जैसे ही सबमिट पर क्लिक किया तो फोन पर क्रेडिट कार्ड से 70700 रुपये कटने का मेसेज आ गया। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।