संभल/असमोली। इस बार रविवार को दस हजार रुपये से अधिक बकायादारों की बिजली काटी जाएगी। इसके लिए अभियंताओं को अधिशासी अभियंता ने सूची सौंप दी है। यह टीमें सुबह से शाम तक बकायादारों के कनेक्शन काटेंगी। विभाग के एक खंड में कम से कम 250 कनेक्शन काटने का लक्ष्य है। लेकिन अगर किसी खंड में कम बकायादारों के कनेक्शन कटे तो जवाबदेही होगी।
इस कनेक्शन काटो अभियान की स्थिति देखने के लिए मेरठ से पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम की टीम पहुंचेगी।
रविवार को शुरू होने वाले अभियान की तैयारी शुरू हो गई है।
संभल डिवीजन में 14,000 बकायेदार चिह्नित किए गए हैं। इसमें तीन हजार बकायेदार शहरी क्षेत्र के हैं। इसके लिए संभल डिवीजन शुक्रवार को छुट्टी के दिन भी खुला। अधिशासी अभियंता विजय कुमार यादव ने अवकाश के दिन अपने कार्यालय में बैठकर बकायेदारों के कनेक्शन काटने के लिए टीमों का गठन किया है। कुल 15 टीमें बनाईं गईं हैं। इसमें नौ टीमें ग्रामीण क्षेत्र और छह टीमें शहरी क्षेत्र में कार्रवाई करेंगी।
एक करोड़ रुपये की वसूली का है अभियान
संभल। दस हजार से अधिक बकायेदारों पर एक करोड़ रुपये से अधिक का बकाया भुगतान है। इसलिए शुक्रवार को भी छुट्टी के दिन भी कार्यालय खुला रहा। जबकि रविवार को छुट्टी होने के बाद भी सभी अवर अभियंताओं को सब स्टेशन कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कनेक्शन काटने के लिए लगाया गया है। इस दौरान पुलिस बल उनके साथ रहेगा। अगर कोई व्यक्ति टीम के साथ जोर जबरदस्ती करता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
बकायेदारों के नलकूपों की भी कटेगी बिजली
संभल। ग्रामीण क्षेत्र में 11,000 बकायेदारों की सूची है। उसमें अधिकतर नलकूप वाले हैं। निजी नलकूप चलाने वाले किसानों ने समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। सूची के हिसाब से कनेक्शन काटे जाने का अभियान रविवार को चलेगा। जिन लोगों ने तीन महीने से कोई भी बकाया अदा नहीं किया है। उनके कनेक्शन सबसे पहले कटेंगे।