चोरी की बाइकों के साथ पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : amar ujala
संभल। नखासा पुलिस ने सिरसी में चोरी की एक स्कूटी और तीन बाइकों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इसका खुलासा क्षेत्राधिकारी ने किया। क्षेत्राधिकारी सुदेश कुमार ने बताया कि रविवार को शाम साढ़े छह बजे करीब सिरसी पुलिस को सूचना मिली कि सिरसी के नजदीक बने रेलवे क्रासिंग अंडर पास के नीचे दो युवक चोरी की बाइक बेचने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। साथ ही उनके पास से स्कूटी और तीन बाइक बरामद की। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि स्कूटी और बाइक चोरी की हैं। पुलिस ने सिरसी के मोहल्ला सादक सराय निवासी शान और नखासा के गांव सिसौना निवासी शमशीर को गिरफ्तार किया है। वाहन चोरी खुलासे के दौरान क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पैशन बाइक पर अंकित नंबर कार का था। यह खुलासा इंटरनेट पर नंबर खोजने में हुुआ। बाइक की नंबर प्लेट पर जो नंबर अंकित था उस नंबर पर दिल्ली की कार का रजिस्ट्रेशन था। वाहन चोर गिरोह के सदस्य गुमराह करने के लिए इस तरह नंबरों में फेरबदल कर देते हैं।