चंदौसी। चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में दस पहले की गई सपा नेता चंद्रपाल माली की हत्या के मुख्य आरोपी दिलीप ठाकुर को पुलिस ने रविावर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस हिरासत में हत्यारोपी ने कहा कि सपा नेता ने उसे अपने घर में देख लिया था, यदि मैं नहीं मारता तो वह मुझे मार देता।
14 सितंबर की शाम करीब चार बजे जब नई बस्ती हनुमान गढ़ी निवासी सपा नेता चंद्रपाल माली अपने नौकर उमेश माली के साथ अचानक अपने घर पहुंचा तो उस समय दिलीप ठाकुर उसके घर में मौजूद था। बाहर के कमरे में बेटा ट्यूशन पढ़ रहा था। बेडरूम में दिलीप ठाकुर व सपा नेता की पत्नी सोनी थे। सपा नेता के पहुंचते ही घबराई सोनी दरवाजा खोलने के तत्काल बाद शौचालय में चली गई। दिलीप ठाकुर स्टोर रूम में घुस गया। नौकर दूसरे कमरे की ओर चला गया। चंद्रपाल माली अपने बेडरूम में जाकर शर्ट उतारने के बाद लेट गया लेकिन कुछ समय बाद ही उसे स्टोर रूम किसी के होने की आहट मिली। दरवाजा खुला तो उसके अंदर दिलीप को देखकर चंद्रपाल उसे पकड़ने को दौड़ा। दिलीप ने स्टोर रूप से बाहर भागने लगा। चंद्रपाल ने आगे से घेरा तो दिलीप ने उसे गोली मार दी। हालांकि फायर सुनकर दौड़े उमेश ने पकड़ लिया लेकिन इसी समय सोनी बाहर निकली और उमेश के कंधे पर दांत काट लिया जिससे दिलीप भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने सोनी को तो पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन मुख्य हत्यारोपी भेतरी गांव निवासी दिलीप ठाकुर फरार चल रहा था। रविवार को पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेज दिया गया है। हालांकि गिरफ्तारी के समय भी दिलीप के चेहरे पर न तो कोई अफसोस था और न ही कोई शिकन। कोतवाली प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि दिलीप ठाकुर से हत्या में प्रयुक्त तमंचा व एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। हालांकि मृतक सपा नेता के भाई मनोज माली का कहना है कि पुलिस व आरोपी के बीच सांठगांठ हो गई थी। पुलिस ने किसी बिचौलिये के माध्यम से आरोपी को बुलाया है। उससे कुछ खास पूछताछ भी नहीं की, शीघ्रता से जेल भेज दिया।