मुरादाबाद-संभल मार्ग पर फिरोजपुर पुल पर निर्माण में हो रही देरी पर संभल की जनता में आक्रोश है। आक्रोशित लोग बुधवार को दोपहर लोक निर्माण विभाग के स्थानीय कार्यालय पर पहुंच गए। हंगामे के साथ नारेबाजी की और इसके बाद अधिशासी अभियंता के कार्यालय पर तालाबंदी कर दी।
आंदोलनकारियों ने कहा कि अगर चौबीस घंटे के भीतर पुल के नीचे से सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज हो जाएगा। जिला मुख्यालय संघर्ष समिति के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बुधवार को अधिशासी अभियंता से मिलने पहुंचे थे।
समिति के कार्यकर्ताओं ने कहा कि अधिशासी अभियंता कार्यालय पर थे लेकिन जब समिति के पदाधिकारी पहुंचे तो वह चले गए। इंतजार करने के बाद भी जब नहीं मिले तो उन्होंने नारेबाजी की। इसके बाद सांकेतिक विरोध के लिए तालाबंदी की। तालाबंदी के बाद कर्मचारियों को ही चाबी सौंप दी।
आंदोलन की वजह यह है कि फिरोजपुर पुल चार महीने पहले क्षतिग्रस्त हुआ था लेकिन अभी तक उसके स्थान पर नया पुल नहीं बनाया गया। पुल के नीचे से वैकल्पिक सड़क मार्ग बनाया जाना था लेकिन उसके लिए भी अधिकारी नहीं चेत रहे हैं। चार महीने के इंतजार के बाद आंदोलन शुरू किया गया है।
प्रदर्शन में मुशीर खां, डा. नाजिम, इनामुर्रहमान खां, डा. नाजिम, जमाल तुर्की, हाजी एहतेशाम, शुजाउद्दीन फौजी, डा. परवेज, मोहसिन अली, शहनवाज संभली, आसिफ रजा, हबीबुर्रहमान आदि रहे।