फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग करते एसपी व अन्य पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
बहजोई। पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश दानिश कुरैशी गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश समेत एक कांस्टेबल भी घायल हो गया। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। घटना पवांसा पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव बिचपुरी के निकट की है।
मंगलवार की रात साढ़े नौ बजे करीब पवांसा पुलिस चौकी के गांव बिचपुरी के जंगलों में मुठभेड़ में एक बदमाश व कांस्टेबिल घायल हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान थाना हयातनगर के पीला खदाना निवासी बदमाश दानिश को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी फरार है। फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कांबिंग कर रही है। एक कांस्टेबिल संजीव सिंह भी घायल हुआ है। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश दानिश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। बदमाश पर जिला संभल समेत दूसरे जिलों के लूट समेत दूसरे मामले दर्ज हैं। बदमाश का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। जल्द ही उसके बारे में पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।