बोलेरो सिंबलधार के समीप बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी।
बहजोई-इसलामनगर मार्ग पर गांव मऊ-कठैर के निकट गुरुवार को कार की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भाई की तहरीर पर थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जबकि कार चालक मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया। गुरुवार को जिला बदायूं के थाना उघैती के गांव करियामई निवासी कुलदीप शर्मा पुत्र शिवशंकर शर्मा अपनी मां विमलेश देवी को बाइक पर बैठाकर गांव से राजघाट जा रहा था।
सुबह सात बजे करीब जैसे ही उसकी बाइक गांव मऊ-कठैर के निकट पहुंची, अचानक सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर जबर्दस्त थी। बाइक सवार मां-बेटे उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे और बुरी तरह से घायल हो गए।
देखते ही देखते कुलदीप शर्मा (28) व उसकी मां विमलेश देवी (55) ने दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। आई कार्ड से उनकी शिनाख्त हो सकी। सूचना मिलने पर पुलिस व परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक क्षतिग्रस्त कार पुलिस के कब्जे में है। चालक फरार हो गया। युवक के भाई संदीप शर्मा की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।