इसलामनगर रोड पर मंगलवार तड़के तीन बजे स्कार्पियो सवार बदमाशों ने तीर्थयात्रियों से भरी बस में जमकर लूटपाट की। बस में 50 तीर्थयात्री थे। हथियारों के बल पर नगदी व जेवर समेत 15 मोबाइल फोन लूट ले गए। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पीड़ित तीर्थयात्रियों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
24 मार्च को होली की शाम छह बजे बहजोई से तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुई किराना व्यापारियों की बस मंगलवार को सुबह तड़के वापस लौट रही थी। लगभग तीन बजे करीब जैसे ही तीर्थयात्रियों से भरी बस बहजोई-इसलामनगर रोड पर गांव मिर्जापुर के निकट पहुंची, पीछे से आ रही सफेद रंग की स्कार्पियो संख्या यूपी 13 एजी 0034 ने बस को ओवरटेक किया।
ड्राइवर ने सब रोक दी। बस रुकते ही स्कार्पियो से उतरे बदमाशों ने बस के चालक को गन प्वाइंट पर ले लिया और बस का गेट खुलवा लिया। गेट खुलते ही बदमाश बस में चढ़ गए। तीर्थयात्रियों को हथियार दिखाकर भयभीत कर दिया। एक-एक कर सभी तीर्थयात्रियों से नगदी, जेवर व मोबाइल लूट लिए।
करीब आधा घंटे तक की गई लूटपाट के बाद बदमाश वापस स्कार्पियो में सवार होकर इसलामनगर की ओर भाग निकले। पीड़ित तीर्थयात्रियों ने किसी तरह से फोन पर स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीर्थयात्रियों से जानकारी ली।
एएसपी कमलेश दीक्षित भी पहुंच गए। तीर्थयात्रियों ने व्यापारी नेताओं को साथ लेकर थाने में घटना की तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना ने बताया कि घटना का मुकदमा दर्ज कराया गया है। अफसरों ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया है। घटना के खुलासे के लिए टीमें गठित की जा रही हैं। एसओजी व क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। सर्विलांस का सहारा भी लिया जाएगा।