शहर के निकटवर्ती गांव नूरियो सराय में रविवार को मोहर्रम की 25वीं तारीख को कदीमी मातमी जुलूस निकाला गया। यह जुलूस चौथे इमाम सज्जाद अली इब्न हुसैन की शहादत की याद में निकाला गया। नगर के अलावा दूसरे जिलों से आईं मातमी अंजुमनों ने नोहाख्वानी और मातम किया।
अंजुमने फरोगे अजा की जानिब से इमामबाड़ा नंबरदारान में इमाम अली इब्न हुसैन का शबीहे ताबूत और अलम बरामद किए गए। जिससे जुलूस में शामिल लोगों की आंखें नम हो गईं। मातमी जुलूस में अंजुमने शमीमे इमान सिरसी, इकरोटिया सादात, नौगांवा सादात अमरोहा, बिजनौर आदि ने नोहाख्वानी की।
मातम भी किया गया। जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से होता हुआ इमामबाड़ा फरमाना हुसैन में जाकर समाप्त हुआ। इससे पहले इमामबाड़ा नबंरदारान में आयोजित मजलिस में काफी संभली ने मरसिया ख्वानी की। मौलाना महजर अब्बास ने मजलिस को खिताब किया।
इस दौरान अली सादिक, शाने अब्बास, हुसैन जहरी, इमरान हैदर, साजिद, आसिम, नैय्यर अब्बास, सलीम, उरूज मेहंदी, पैकर संभली, मजाहिर अब्बास, अता अब्बास, तनवीर हुसैन, रिजवी संभली, शाह आलम, नवाब आदि शामिल रहे। संचालन अहमद रजा बिजनौरी ने किया।