बबराला/गवां। रजपुरा थाना क्षेत्र में निकट के गांव में दावत खाने गए एक युवक की घर लौटते समय हालत बिगड़ गई जिसे गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां से रेफर होने के बाद अलीगढ़ ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक की बेटे ने जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर के भगवान सिंह (45 वर्ष) अतीराम सोमवार की सुबह को निकट के गांव भवाबले में दावत खाने गए थे। जहां से वह गांव वापस आ रहे थे कि गांव में एक मकान पर उनकी हालत बिगड़ गई जिसकी सूचना उसके परिजनों को मिली। ह मौके पर पहुंचे और यूपी 100 को फोन कर अस्पताल ले गए। जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत बताते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया लेकिन युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे प्रमोद ने जहर खिलाकर हत्या की आशंका जताई है लेकिन इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रजपुरा प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सोलंकी ने बताया मृतक ने मरने से पहले बताया था कि वह जिंदा नहीं रहना चाहता है। जिस ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है।