संभल। मंडी समिति के सचल दल ने संभल के वाजिदपुरम के पास पिकप से दिल्ली ले जाया जा रहा 4031250 लाख रुपये कीमत का मेंथॉल पकड़ा है। यह मेंथॉल 21 क्विंटल 500 ग्राम था। इस गाड़ी से डेढ़ प्रतिशत की दर से मंडी शुल्क 60439 रुपये तथा दो लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है। पिकप के साथ एक गाड़ी और थी जो बिना कर अदा किए मेंथॉल को दिल्ली तक पास कराने के प्रयास में थी।
जब मंडी कर्मियों कोे पता लगा कि वह इस गाड़ी को अपने कब्जे में नहीं ले पाएंगे तो तत्काल एसडीएम को सूचना दी गई। पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीएम ने देर रात गाड़ी को कब्जे में लिया और मंडी टैक्स का आंकलन कराया। इस गाड़ी से लदे मेंथॉल को पकड़ने के बाद कागज मांगे गए तो चालक कुछ नहीं दिखा सका। अलबत्ता स्कार्पियो पर सवार तीन-चार लोग उसे छुड़वाने के लिए सिफारिशें लगवाने लगे पर एसडीएम के निर्देश पर 2.60,439 लाख रुपये वसूले गए।
इसके बाद मेंथॉल को पिकप समेत छोड़ दिया गया। जबकि स्कार्पियो और उसमें सवार लोगों को कोतवाली पुलिस के हवाले किया गया। साथ ही सचल दल से कहा है कि जिस फर्म से जिस फर्म के बारे में मेंथॉल जाने की जानकारी चालक के द्वारा दी गई है। उसके बारे में छानबीन करें। हकीकत के आधार पर आगे की कार्रवाई करें।