संभल। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव अतरासी में मामूली बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें तीन महिला समेत चार लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। गुरुवार की सुबह 7.30 बजे करीब गांव अतरासी में पेड़ की जड़ हटाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और पथराव किया। इसमें एक पक्ष की ओर से बृजनंदन, विमलेश देवी, शीला देवी घायल हुए हैं जबकि दूसरे पक्ष की ओर से भी एक महिला घायल हुई है। दो पक्षों में हुए विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भर्ती कराया। वहीं, दूसरी ओर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।