संभल के राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में तैनात महिला चिकित्सक और उनके डाक्टर पति समेत तीन के खिलाफ वजीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पेट्रोल पंप पर लेनदेन के बाद विवाद हो गया। घटना बुधवार को अपराह्न 12:30 बजे हुई है। एक पक्ष ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
बदायूं जनपद के वजीरगंज निवासी संगीता गुप्ता पत्नी भगीरथ प्रसाद ने शिकायत में बताया है कि प्रखर वार्ष्णेय पुत्र कांता प्रसाद, डा. प्रशांत कुमार पुत्र दिनेश चंद्र और डा. उर्वशी पत्नी डा. प्रशांत कुमार वजीरगंज स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे। हिसाब किताब करने पर कहासुनी हो गई। संगीता गुप्ता ने तीनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पेट्रोलपंप पर तोड़फोड़ कर 30 हजार रुपये का नुकसान करने की बात कही है। डा. प्रशांत कुमार संभल में डा.सुशीला सक्सेना नर्सिंह होम में कार्यरत हैं। डा. उर्वशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय संभल में तैनात हैं। वजीरगंज निवासी प्रखर वार्ष्णेय वर्तमान में नमक मंडी चंदौसी में रहकर अपना व्यापार कर रहे हैं। वजीरगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।