प्रेमी के साथ खेत में पकड़ी गई 20 वर्षीय युवती ने परिजनों के तानों से
आजिज आकर अपने ही घर में आग लगा ली। उसे गंभीर अवस्था में मुरादाबाद के लिए
रेफर किया गया है। घटना असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
असमोली थाना क्षेत्र में एक गांव निवासी युवती के पिता की मृत्यु हो चुकी है। मां बीमार रहती है। युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों को इस पर आपत्ति थी। लेकिन प्रेमी युगल चोरी छुपे मिलते रहे। युवती शौच के बहाने शनिवार को भोर के समय घर से निकली। जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाशा और घर के पास ही एक खेत में उसे उसके प्रेमी के साथ पकड़ लिया। युवती को घर लाया गया। प्रेमी युवक भाग गया। घर में परिजनों ने युवती की डांट फटकार लगाई।
डांट फटकार के बाद युवती काफी आहत थी। उसने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क लिया और खुद को आग के हवाले कर दिया। जैसे ही युवती ने आग लगाई घर में अफरातफरी मच गई। उसे आनन-फानन गांव के ही एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया। इसके बाद परिजन संभल लाए। उसकी हालत गंभीर थी।
युवती का शरीर 60 फीसदी तक झुलस गया था। डाक्टरों ने उसे मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया है। असमोली के थाना प्रभारी योगेंद्र कृष्ण यादव ने बताया कि पुलिस के पास ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। यदि तहरीर आती है तो पुलिस कार्रवाई करेगी।