चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के आजाद रोड स्थित निजी अस्पताल में मरीज के कमरे से चोर दो मोबाइल चुरा ले गया। घटना के समय मरीज व तीमारदार सोए थे। चोरी की घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोरी की तहरीर कोतवाली में दी गई है।
क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बाबई के निवासी बॉबी का चार दिन पूर्व स्वास्थ्य बिगड़ने पर परिजनों ने आजाद रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया था जहां चिकित्सकों द्वारा बॉबी का उपचार किया जा रहा है। बुधवार सुबह बॉबी व उनका पुत्र आशीष व अन्य परिजन सोए हुए थे। तभी कोई युवक उनके कमरे में रखे दो मोबाइल चुरा ले गया। सुबह दस बजे जब आशीष उठा तो कमरे से मोबाइल गायब देख उसने अन्य परिजनों से जानकारी की। पूछताछ करने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद आशीष ने अस्पताल प्रबंधन को घटना की जानकारी दी और सीसीटीवी फुटेज देखने की बात कही। सीसीटीवी फुटेज में सुबह नौ बजकर तीन मिनट पर एक युवक अस्पताल के बाहर बाइक खड़ी कर अंदर प्रवेश करता दिखाई दिया। इसके बाद वही युवक बॉबी के रूम घुसते व कुछ समय बाद निकलकर बाइक से जाते दिखाई दिया है। उक्त युवक न ही अस्पताल का कर्मचारी है और न ही बॉबी का परिचित। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।