चंदौसी। मंगलवार को पंडित हनुमान सिंह ग्राउंड पर कान्हा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को रुद्रा इलेवन और चंदौसी चैलेंजर्स के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। चंदौसी चैलेंजर्स की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर सात विकेट से मुकाबला जीत लिया और फाइनल की ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
चंदौसी चैलेंजर्स के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रुद्रा इलेवन की टीम ने 10 विकेट के नुकसान पर 93 रन बनाए। इस टीम के बल्लेबाज खान साहब ने 25 और बॉबी यादव ने 19 रनों का योगदान दिया। चंदौसी चैलेंजर्स के गेंदबाज नईम ने तीन और मोहित ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंदौसी चैलेंजर्स की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाकर सात विकेट से फाइनल का मुकाबला जीत लिया। इस टीम के बल्लेबाज आशिक अली ने 35 और जुबैर ने 26 रनों का योगदान दिया। रुद्रा इलेवन के गेंदबाज खान साह और गुड्डू ने दो-दो विकेट लिए।
टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि रहे सपा के जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी सहित अन्य अतिथि ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुकेश यादव, मनोज खट्टर, पुलेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, प्रियांशु यादव, राहुल यदुवंशी, भूरा यादव, लोकेश यादव, आकाश शर्मा,रमन यादव आदि मौजूद रहे।