बहजोई। ग्रामीणों ने गोवंशीय पशुओं को निजी स्थान पर बंद कर दिया। सूचना पर पहुंचे प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों समेत विभागीय अधिकारियों ने गोवंशीय पशुओं को निजी स्थान से निकलवा कर गो आश्रय स्थल में पहुंचवाया।
मंगलवार को थाना क्षेत्र के गांव भवन में ग्रामीणों ने गोवंशीय पशुओं को निजी स्थान पर बंद कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि फसलों को नुकसान करने के साथ-साथ खुलेआम घूम रहे गोवंशीय पशु हमलावर भी हो रहे हैं। इसके चलते गोवंशीय पशुओं को बंद करने की मजबूरी बनी। सूचना पर पहुंचे उप जिलाधिकारी चंदौसी महेश प्रसाद दीक्षित व कोतवाल सतेंद्र भडाना मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
गोवंशीय पशुओं को निजी स्थान पर बने घेर से निकलवाया। वहीं गांव भवन पहुंचे परियोजना निदेशक रमेश चंद व सीवीओ डा. विनोद कुमार ने सभी गोवंशीय पशुओं को ट्रकों के माध्यम से गोआश्रय स्थलों पर पहुंचवाया। इस बीच ग्रामीणों की भीड़ रही। सीवीओ ने बताया कि 35 गोवंशीय पशुओं को ट्रकों के माध्यम से नंदरौली स्थित गो आश्रय स्थल में पहुंचवाया है।