रजपुरा। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव तुमरिया खादर निवासी लालता प्रसाद (26) की हत्या ब्लैकमेल करने पर दंपती ने की थी। यह खुलासा दंपती ने पुलिस पूछताछ में किया है। आरोपी महिला का कहना है कि लालता प्रसाद ब्लैकमेल कर परेशान करता था और शराब पीकर घर भी आता था। पति के साथ भी मारपीट करता था। इससे तंग आकर हत्या की साजिश की और मारपीट कर हत्या कर दी।
मृतक के पिता सोमवीर उर्फ रामखिलाड़ी ने बताया था कि गांव के ही ग्रामीण और उसकी पत्नी व धनारी थाना क्षेत्र के गांव उधरनपुर निवासी उसके बेटे को साथ लेकर गए थे और उन्होंने हत्या कर दी। पुलिस ने छानबीन की तो जानकारी सामने आई कि महिला से मृतक की दोस्ती थी। इसी दौरान युवक के पास ऐसे फोटो और वीडियो थे जिससे वह महिला को ब्लैकमेल करने लगा था। इससे तंग आकर ही दंपती ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और बुधवार की शाम रजपुरा-तुमरिया खादर मार्ग पर गांव सेमरी के नजदीक हत्या कर दी। शव गन्ने के खेत में डालकर चले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी दंपती को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया है।