धनारी (संभल)। कस्बे के नई बस्ती कॉलोनी में शुक्रवार की शाम शाहबाद के गांव खेड़ा निवासी संविदा मीटर रीडर मनोज मौर्य (25) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक का दोस्त जब खाना लेकर पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। उसने आसपास के लोगों को घटना के बारे में बताया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी मनोज मौर्य पुत्र शिव सिंह बिजली विभाग में संविदा मीटर रीडर के पद पर तैनात था। वह एक वर्ष से स्टैंड स्थित नई बस्ती में किराए पर कमरा लेकर अकेला रह रहा था। शुक्रवार शाम चार बजे उसने दोस्त संजू से खाना मंगाया था। जब संजू एक घंटे बाद खाना लेकर लौटा तो मनोज के कमरे का दरवाजा खुला था। जबकि मनोज का शव चादर के सहारे पंखे से लटका मिला। उसने मकान स्वामी और पड़ोस के लोगों को बताया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारा। पड़ोसियों ने बताया की मृतक की एक साल पहले शादी हुई थी। पिछले सात महीने से उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रह रही थी। थाना प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि मौत के कारणों को पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवक की मौत की सूचना से परिवार में चीखपुकार मच गई।