जुनावई (संभल)। मंडलीय कंसलटेंट अधिकारी ने बृहस्पतिवार को ब्लॉक की तीन ओडीएफ प्लस माॅडल ग्राम पंचायतों में पहुंचकर कार्यों को देखा। दो ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक शौचालय खस्ताहाल मिलने पर ग्राम प्रधान और सचिव को फटकार लगाते हुए जल्द सही कराने के आदेश दिए। निरीक्षण रिपोर्ट उप निदेशक पंचायत मुरादाबाद मंडल को सौंपी जाएगी।
जुनावई ब्लाक की ग्राम पंचायत चिरबारी, गंगुर्रा, घोंसली राम सहाय, करियामई, नगला डुमायल सहित पांच ग्राम पंचायतों में उप निदेशक पंचायत अभय कुमार यादव मुरादाबाद के आदेश पर बृहस्पतिवार को मंडलीय कंसलटेंट अधिकारी डाॅ. विनोद पांडेय के द्वारा ओडीएफ पांच ग्राम पंचायतों में से तीन का निरीक्षण किया गया । वहीं निरीक्षण ने सबसे पहले ग्राम पंचायत चिरबारी का निरीक्षण किया। यहां सामुदायिक शौचालय में सबमर्सिबल खराब पाए जाने से पानी व्यवस्था नहीं पाई गई। साथ ही बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर ग्राम प्रधान व सचिव को फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के अंदर सही कराने के निर्देश दिए। जबकि चिरबारी पंचायत भवन में पंचायत सहायक के लगातार गायब रहने के कारण तत्काल हटाने के निर्देश दिए। वहीं घोंसली रामसहाय ग्राम पंचायत में भी सामुदायिक शौचालय का टैंक फटा हुआ पाए जाने पर दो दिन के अंदर बदलवाने के लिए ग्राम प्रधान व सचिव को आदेश दिए गए हैं।