बहजोई (संभल)। आपसी विवाद को लेकर कुछ युवकों में जमकर मारपीट होने का वीडियो वायरल हुआ है। वहीं, एक महिला की ओर से घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए एसपी को तहरीर दी गई है। पुलिस ने एक पक्ष के ओम गोयल व दूसरे पक्ष के गर्वित के खिलाफ शांति भंग में निरोधात्मक कार्रवाई की है।मोहल्ला नया बाजार निवासी महिला श्रद्धा गोयल की ओर घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए एसपी को तहरीर देकर कहा कि शुक्रवार को शाम उसका बेटा बाजार से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में मोहल्ला गोलागंज में कुछ युवकों ने बेटे को रोककर विवाद शुरू कर दिया और बेटे के साथ जमकर मारपीट की। बाद में सभी युवक बेटे का पीछा करते हुए घर तक पहुंच गए और फिर से बेटे के साथ मारपीट की। बीच-बचाव में आए उसके दूसरे बेटे व पति को भी मारपीट कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। बावजूद इसके, पूरे मामले में अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।