संभल। जिला अस्पताल का निर्माण फत्तेहपुर शरीफनगर में चल रहा है। अक्तूबर 2027 तक यह निर्माण पूरा हो जाएगा। शासन ने 100 बेड के अस्पताल की मंजूरी दी है। 18 जुलाई को सीएम योगी आदित्यनाथ ने शिलान्यास कर दिया है। सीएमओ डॉ. तरूण पाठक ने बताया कि निर्माण कार्य का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। 40 प्रतिशत कार्य मौके पर हो चुका है। अक्तूबर 2027 तक यह भवन पूरा किया जाना है। इसके लिए कार्यदायी संस्था का करार है।करीब 64 करोड़ की लागत से बन रहे इस जिला अस्पताल का निर्माण लोक निर्माण विभाग (भवन खंड) द्वारा किया जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि दो किस्त शासन द्वारा कार्यदायी संस्था को जारी की जा चुकी हैं। निर्माण को पूरा तेजी से करने के निर्देश हैं। इसके चलते लगातार निर्माण कार्य की निगरानी की जा रही है। इसके निर्माण पूरा होने से आम लोगाें के साथ स्वास्थ्य विभाग को बड़ी राहत मिलेगी। दरअसल जिला अस्पताल का निर्माण जिला मुख्यालय के प्रस्तावित भवन के नजदीक किया जा रहा है।
00000
संभल जिले को 15 साल से जिला अस्पताल का इंतजार
वर्ष 2011 में संभल जिला सृजित किया गया था। इसके बाद अधिकारियों के कार्यालय से लेकर आवास तक अस्थायी तौर पर बनाए गए। जिला मुख्यालय बहजोई ब्लॉक में संचालित होता है। इसी ब्लॉक के परिसर में डीएम और एसपी के कार्यालय बने हैं। जिला अस्पताल का संचालन संभल सीएचसी की बिल्डिंग में शुरू कराया गया था। समय बीतता गया लेकिन जिला अस्पताल को स्थाई ठिकाना नहीं मिला। आमतौर पर जिला अस्पताल के परिसर या नजदीक में पोस्टमार्टम हाउस होता है लेकिन संभल का पोस्टमार्टम हाउस करीब 30 किलोमीटर बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बहापुर पट्टी के पीएचसी में बनाया गया। इससे स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को कार्रवाई में असुविधा होती है।
000000
संभल सीएचसी जर्जर भवन में संचालित हो रही
संभल मेंं सीएचसी के लिए ही बिल्डिंग बनी थी। कुछ समय सीएचसी का संचालन भी किया गया लेकिन जब जिले की घोषणा हुई तो सीएचसी पुराने भवन में शिफ्ट कर दी गई। अब सीएचसी की बिल्डिंग पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। सीएचसी की मरम्मत भी नहीं हो पा रही है। सीएचसी के स्टाफ को यह उम्मीद है कि जब जिला अस्पताल को भवन मिले तो सीएचसी अपने भवन में शिफ्ट हो सकेगी।
0000000
कोट
जिला अस्पताल के भवन का निर्माण करीब 40 प्रतिशत हो चुका है। अक्तूबर 2027 तक भवन का निर्माण कार्यदायी संस्था को पूरा करना है। इसके चलते लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।
डॉ. तरूण पाठक, सीएमओ, संभल।