बबराला। गुन्नौर तहसील में एक किसान ने चकबंदी अधिकारी और उनके ड्राइवर पर रिश्वत मांगने और न देने पर काम रोकने का गंभीर आरोप लगाया है। किसान ने उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव बसंतपुर के रहने वाले संजीव कुमार ने उच्चाधिकारियों को दिए शिकायतीपत्र में कहा कि उसकी भूमि संख्या 90 मीटर रकबा 0.164 का चकबंदी अभिलेख बनाते समय चकबंदी कर्मचारियों ने गड़बड़ी कर दी थी। इस गलती को सुधारने के लिए उसने चकबंदी न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया था और सभी सबूत भी पेश किए थे। आरोप है कि जब वह चकबंदी कार्यालय के चक्कर काटते-काटते परेशान हो गया तब चकबंदी अधिकारी के ड्राइवर ने उनसे कहा कि जब तक 20,000 रुपये नहीं देंगे। तब तक उनका काम नहीं होगा। किसान ने मजबूर होकर ड्राइवर को 18,000 रुपये दिए। इसके बाद चकबंदी अधिकारी गुन्नौर ने आदेश पारित किया। किसान ने यह भी आरोप लगाया है कि ड्राइवर अभी भी शेष 2,000 रुपये की मांग कर रहा है। जिसकी कॉल रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है।
किसान ने प्रार्थना पत्र में न्यायहित में उक्त भ्रष्ट अधिकारी व ड्राइवर आमिर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
इनका जो काम है वो मई में कर दिया गया है। इनके द्वारा जो आरोप लगाए जा रहे हैं वह निराधार हैं। पूर्व में इनका एक पट्टे को लेकर मामला चल रहा था। जिसमें रिपोर्ट इनके मन मुताबिक न लगने को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं।
-राजकुमार, सीओ चकबंदी