संभल में मृतकों के परिजनों से मुलाकात करते कांग्रेसी नेता। स्रोत: परिजन
- फोटो : संभल
संभल। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल और यूपी के प्रदेश सचिव सचिन चौधरी मंगलवार को पुलिस को चकमा देकर संभल पहुंच गए और बवाल में जान गंवाने वाले बिलाल व रोमान के परिजनों से मुलाकात की। पीड़ित परिवारों की फोन पर प्रियंका गांधी से भी बात कराई। जब तक पुलिस सक्रिय हुई, तक तक दोनों नेता लौट गए। जिस वजह से अन्य तीन परिवारों से मुलाकात नहीं कर सके।
मंगलवार की सुबह करीब सात बजे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल और यूपी के प्रदेश सचिव सचिन चौधरी बवाल में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से मिलने पहुंच गए। उन्होंने सरायतरीन निवासी बिलाल के पिता हनीफ से मुलाकात कर फोन पर प्रियंका गांधी से बात कराई। प्रियंका गांधी ने हनीफ से कहा कि वह और उनकी पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ है। उन्हें न्याय दिलाकर रहेंगे। इसके बाद उन्होंने हयातनगर निवासी रोमान के परिजनों से प्रियंका गांधी की बात कराई। कांग्रेसी नेताओं ने बिलाल और रोमान के परिजनों से कहा है कि राहुल गांधी जल्द ही उनसे मिलने के लिए आएंगे। पुलिस के सक्रिय होने के पहले दोनों नेता संभल से चले गए। जिस वजह से वह अन्य तीन मृतकों के परिजनों से मुलाकात नहीं कर पाए।