चंदौसी। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को विज्ञान पढ़ाया जाता है पर लैब न होने से विज्ञान का प्रैक्टिकल ज्ञान उन्हें नहीं मिल पाता है। अब ब्लॉक स्तर पर एक एक प्राथमिक स्कूलों में विज्ञान व कंप्यूटर लैब बनेगी। छात्र लैब में पहुंचकर प्रैक्टिकल का ज्ञान ले सकेंगे।
संभल जनपद में 1289 परिषदीय विद्यालय हैं और इनमें करीब 1.98 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं। इन विद्यालयों में विज्ञान विषय पढ़ाया जाता है पर लैब न होने के कारण प्रैक्टिकल नहीं पाते हैं। आठ ब्लॉक हैं। अब प्रत्येक ब्लॉक के एक-एक विद्यालय में लैब बनाई जाएगी। लैब में प्रतिदिन प्रैक्टिकल होंगे। हर दिन लैब में अलग-अलग विद्यालय के छात्र पहुंचेंगे। छात्रों को विज्ञान की मूल जानकारी मिलेगी। बीएसए चंद्रशेखर ने बताया कि शासन से स्वीकृति मिली है। ब्लॉक स्तर पर एक-एक स्कूल में लैब बनाई जाएगी। लैब में ब्लॉक क्षेत्र के स्कूलों के छात्र अलग-अलग दिन लैब पहुंचेंगे और प्रैक्टिकल करके दिखाए जाएंगे। प्रैक्टिकल के जरिए छात्र अच्छी तरह से विज्ञान को समझ सकेंगे।