संभल। कोतवाली क्षेत्र के संभल-चंदौसी मार्ग पर गांव प्रेमनगर में मेडिकल कॉलेज के नजदीक बाइक सवार गांव चिमियावली निवासी ओमवीर (23) को बेकाबू रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल ओमवीर की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा देख मौके पर एकत्र हुए लोगों ने बस चालक को बंधक बना लिया और मारपीट की। चालक को बंधक बनाने और हंगामा करने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत किया और आरोपी चालक को छुड़ाया। इसके बाद कोतवाली ले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बाइक सवार युवक संभल के निजी अस्पताल में कंपाउंडर का कार्य करता था। बुधवार की सुबह गांव प्रेमनगर एक रिश्तेदार के घर गमी में शामिल होने के लिए जा रहा था। करीब 11.30 बजे संभल की ओर से जा रही कौशांबी डिपो की रोडवेज ने टक्कर मार दी। ओमवीर के रिश्तेदारों ने बताया कि घायलावस्था में उसे संभल के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया था। मुरादाबाद में उपचार के दौरान मौत हो गई।
वहीं, मृतक के रिश्तेदारों ने रोडवेज बस चालक को बंधक बनाकर मारपीट की। रोडवेज बस में सवार यात्रियों में भी दहशत फैल गई। कई यात्री तो बस से उतरकर दूसरे वाहनों से चले गए। पुलिस ने भीड़ को किसी तरह शांत किया और सख्त कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया। इसके बाद भीड़ ने चालक को पुलिस हिरासत में दिया। कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
0000000000
रिश्तेदार की मौत पर गमी में शामिल होने जा रहा था कंपाउंडर
ओमवीर के भाई चमन ने बताया कि गांव प्रेमनगर में उनके रिश्तेदार हरदयाल की मौत हो गई थी। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए भाई बाइक से जा रहे थे। बेकाबू रफ्तार रोडवेज बस चालक ने टक्कर मार दी। इसमें गंभीर चोट आई। उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया कि चार भाई और तीन बहनों में पांचवें नंबर का था। मां चंद्रवती का रो रोकर बुरा हाल है।
0000000000000
एक घंटे तक चला हंगामा, यातायात भी हो गया प्रभावित
हादसे के बाद एकत्र हुए लोगों ने जहां एक ओर रोडवेज बस चालक को बंधक बनाकर पीटना शुरू किया वहीं, दूसरी ओर लोगों ने हादसे पर रोष जताते हुए हंगामा किया। इस दौरान संभल और चंदौसी मार्ग का यातायात प्रभावित हो गया। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने वाहनों की आवाजाही को शुरू कराया। करीब एक घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
000000000
पुलिस ने बस को कब्जे में लिया, यात्री दूसरे वाहनों से रवाना हुए
रोडवेज बस चालक को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा और इसके बाद रोडवेज बस को भी कब्जे में ले लिया। यात्री दूसरे वाहनों से अपने अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुए। परिचालक हादसा होते ही भाग गया था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हंगामा होने पर यात्री खुद ही रोडवेज बस खाली कर दूसरे वाहनों से चले गए थे। यह बस दिल्ली से चंदौसी के लिए जा रही थी।