मढ़न। असमोली क्षेत्र के गांव सीडल माफी और रतुपुरा में रास्ते की भूमि पर कब्जे और सीमांकन से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए तहसील प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। तहसीलदार संभल ने दोनों गांवों में भूमि की पैमाइश और सीमांकन के लिए राजस्व टीम गठित की है। यह टीम बृहस्पतिवार को पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करेगी।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने 16 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किए थे। सीडल माफी निवासी नसीम अहमद और रतुपुरा निवासी शौकीन ने 12 और 13 नवंबर को एसडीएम संभल के जनता दर्शन में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। सीडल माफी में गाटा संख्या 46 और 47 की पैमाइश कर रास्ते की भूमि चिह्नित कराने की मांग की गई थी। वहीं, रतुपुरा में गाटा संख्या 67 का सीमांकन कराकर भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की गई थी।
शिकायतों के निस्तारण के लिए राजस्व निरीक्षक चंद्रपाल सिंह को टीम में शामिल किया गया है। उनके साथ लेखपाल विकास कुमार, आयुष कुमार, अंकुर कुमार और अक्षय कुमार भी टीम का हिस्सा हैं। टीम को 19 नवंबर को मौके पर पहुंचकर पैमाइश और सीमांकन करने के निर्देश दिए गए हैं। उसी दिन शाम तक कार्रवाई की आख्या तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी। शिकायतकर्ताओं को भी निर्धारित तिथि पर मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।