बहजोई (संभल)। समस्याओं को समाधान न होने पर समाज हित संरक्षण समिति के पदाधिकारी सोमवार को एसडीएम संभल के खिलाफ कलक्ट्रेट में आमरण अनशन पर बैठ गए। चेतावनी दी है कि जब तक समाधान नहीं होगा। अनशन जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष महंत भगवान दास शर्मा ने बताया कि बीते दिनों समिति के पदाधिकारी संभल के गांव तुर्तीपुर मिलक निवासी हरपाल सिंह सार्वजनिक रास्ते की पैमाइश के लिए साल भर से दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। समाधान न होने पर बीते दिनों हरपाल सिंह अपने वयोवृद्ध पिता मुख्त्यार सिंह के साथ एसडीएम संभल के दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए। इसके बाद एसडीएम ने समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया, तो हरपाल सिंह ने धरना स्थगित कर दिया था। बाद में एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर हरपाल सिंह को परिवार वालों के साथ भला बुरा कहा। इसके बावत जिलाधिकारी दफ्तर में भी ज्ञापन दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हारकर कलक्ट्रेट परिसर में आमरण अनशन करना पड़ा। वहीं, दिन भर समिति के पदाधिकारी आमरण अनशन पर रहे। शाम को एसडीएम संभल वंदना मिश्रा व डिप्टी कलक्टर दीपक कुमार चौधरी ने समिति के पदाधिकारियों को समझाया और समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया। तब कहीं पदाधिकारी माने और शाम करीब सात बजे आमरण अनशन स्थगित कर दिया।