संभल। प्रवासी मजदूरों की निगरानी के लिए गांव मोहल्लों की समितियां बनाई जाएंगी। यह समितियां प्रवासी मजदूरों की निगरानी करेंगी और सहयोग के लिए भी आगे आएंगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने आदेश जारी किया है। गुरुवार को जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने आदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी के लिए ग्राम निगरानी समिति और शहरी क्षेत्र के लिए मोहल्ला निगरानी समिति के गठन के लिए आदेश किए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बनी समिति का नेतृत्व ग्राम प्रधान के द्वारा किया जाएगा। इस समिति में आशा, आंगनबाड़ी, चौकीदार, कोटेदार, शिक्षामित्र आदि होंगे। शहरी क्षेत्र में बनने वाली मोहल्ला निगरानी समिति का नेतृत्व सभासद करेंगे। इस समिति में आशा, आंगनबाड़ी, सिविल डिफेंस, आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि, कोटेदार और नगर निकाय के क्षेत्रीय कार्मिक आदि सदस्य होंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि इन समितियों में सदस्य स्थानीय भी होने चाहिए। इनकी जिम्मेदारी है कि प्रवासी मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग कराएं। होम क्वारंटीन के दौरान पोस्टर लगे होने की जानकारी हो, होम क्वारंटीन के किए गए लोग निर्धारित अवधि तक रहे हैं या नहीं। होम क्वारंटीन किए गए लोगों के पास आवश्यक सामग्री की दिक्कत न हो। किसी व्यक्ति में कोरोना लक्षण दिखाई दें तो जांच करानी है। आरोग्य सेतु एप मोबाइल में इंस्टाल करानी है और सूचनाओं की जानकारी रखनी है।